LPG कनेक्शन की योजना में कटौती
Union Budget 2026-27 में गरीब परिवारों को स्वच्छ ईंधन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाई जा रही योजना के लिए फंड में काफी कटौती की गई है। गरीबी रेखा से नीचे (BPL) रहने वाले परिवारों के लिए LPG कनेक्शन की लागत के आवंटन में करीब 28% की भारी कमी आई है। पिछले फाइनेंशियल ईयर 2025-26 के रिवाइज्ड अनुमान ₹12,736 करोड़ से घटाकर, 2026-27 के बजट अनुमान (BE) में इसे सिर्फ ₹9,200 करोड़ कर दिया गया है। यह स्कीम BPL परिवारों को लकड़ी और गोबर जैसे पारंपरिक ईंधनों से एलपीजी कुकिंग गैस की ओर ले जाने के लिए बेहद अहम है।
इंटर्नशिप प्रोग्राम पर भी असर
'प्रधानमंत्री इंटर्नशिप स्कीम', जिसे बजट 2024-25 में 1 करोड़ युवाओं को प्रैक्टिकल अनुभव दिलाने के लिए लॉन्च किया गया था, वह भी बजट के बड़े समायोजन का शिकार हुई है। फाइनेंशियल ईयर 2025-26 के लिए रिवाइज्ड अनुमान ₹526.39 करोड़ था। इसके बाद, 2026-27 के लिए बजट अनुमान (BE) अब ₹4,799.96 करोड़ पर आकर रुका है। हालांकि, यह राशि रिवाइज्ड फिगर से ज्यादा है, लेकिन यह 2025-26 के जनरल बजट में आवंटित शुरुआती ₹10,831.07 करोड़ का आधे से भी कम है। यह कमी इस प्रोग्राम के बड़े पैमाने पर लागू होने या इसके महत्वाकांक्षी लक्ष्यों पर सवाल खड़े कर सकती है।
महिलाओं और बाल विकास योजनाओं में बढ़ोतरी
इन कटौतियों के विपरीत, केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के कुल बजट में 15.6% की बड़ी बढ़ोतरी हुई है, जो 2026-27 के लिए बढ़कर ₹28,183 करोड़ हो गया है। इस मंत्रालय के तहत आने वाली अहम योजनाओं में भी अच्छा खासा इजाफा देखा गया है। 'सक्षम आंगनवाड़ी और पोषण 2.0' को ₹2,150 करोड़ अतिरिक्त मिले हैं। 'मिशन वात्सल्य' में 40.9% की बढ़ोतरी प्रस्तावित है। महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण पर केंद्रित 'मिशन शक्ति' में 60% की भारी बढ़ोतरी की उम्मीद है। यह सरकारी खर्चों में प्राथमिकता बदलने का संकेत देता है।