अमेरिका में फेडरल अधिकारियों ने 28 ग्रीन कार्ड धारकों पर नवंबर 2024 के चुनाव में अवैध रूप से वोट डालने के आरोप लगाए हैं, जिनमें दो भारतीय नागरिक भी शामिल हैं।
अमेरिकी डिपार्टमेंट ऑफ जस्टिस (Department of Justice) ने कैलिफोर्निया में गैर-नागरिकों द्वारा वोटिंग के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई के तहत जिन 28 लोगों को आरोपी बनाया गया है, उनमें 30 वर्षीय अमनदीप कौर और 67 वर्षीय कमलेश शाह शामिल हैं। इन पर आरोप है कि इन्होंने नवंबर 2024 के आम चुनावों में अवैध रूप से वोट डाला, जबकि यह अधिकार केवल अमेरिकी नागरिकों के पास ही होता है।
क्या है 'Operation Protect the Vote'?
यह मामला 'ऑपरेशन प्रोटेक्ट द वोट' (Operation Protect the Vote) नामक संघीय जांच का हिस्सा है, जिसे चुनाव की शुचिता बनाए रखने के लिए चलाया जा रहा है। कोर्ट में दाखिल दस्तावेजों के अनुसार, आरोपियों ने रजिस्ट्रेशन के दौरान गलत जानकारियां दीं और फर्जी दस्तावेज पेश किए। कानून के जानकारों के मुताबिक, दोषी पाए जाने पर इन्हें 5 साल तक की संघीय जेल की सजा हो सकती है।
क्या है बड़ा रिस्क?
प्रशासन ने लगभग 20,000 ऐसे लोगों की पहचान की है जो गैर-नागरिक होकर भी वोटर लिस्ट में शामिल हो सकते हैं। इस साल ऐसी चुनावी धांधली के करीब 90 मामले सामने आए हैं। भारतीय प्रवासियों के लिए यह एक बड़ी चेतावनी है कि वे नागरिकता के नियमों का सख्ती से पालन करें। इस तरह की कानूनी कार्रवाई भविष्य में नेचुरलाइजेशन (Naturalization) की प्रक्रिया में भी बड़ी बाधा बन सकती है।
