गृह मंत्रालय (Ministry of Home Affairs) ने 7 खतरनाक ऐप्स को लेकर चेतावनी जारी की है। ये ऐप्स 'Night Play', 'Reloop', 'Kyss', 'Vimo', 'Rivo', 'Nexo' और 'Vixa' नाम से चल रहे हैं, जो बैंक डिटेल्स चोरी कर आपके अकाउंट को खाली कर सकते हैं।
भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (Indian Cyber Crime Coordination Centre) ने इस नए फ्रॉड को लेकर एक हाई-प्रायोरिटी एडवाइजरी जारी की है। स्कैमर्स Facebook और Instagram जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर भ्रामक विज्ञापनों का सहारा लेकर लोगों को इन खतरनाक ऐप्स को डाउनलोड करने के लिए मजबूर कर रहे हैं।
कैसे काम करता है यह मालवेयर?
ये ऐप्स Google Play Store जैसे आधिकारिक स्टोर पर उपलब्ध नहीं हैं। इन्हें बाहर से APK फाइल्स के जरिए इंस्टॉल कराया जाता है, ताकि सुरक्षा चेतावनियों से बचा जा सके। सबसे खतरनाक हिस्सा 'Accessibility Permission' है। जैसे ही आप इसे अनुमति देते हैं, ये ऐप्स आपके डिवाइस का कंट्रोल अपने हाथ में ले लेते हैं।
निवेशकों और बैंक यूजर्स के लिए खतरा
ये ऐप्स बैकग्राउंड में रहकर आपकी स्क्रीन एक्टिविटी को ट्रैक करते हैं, मैसेज पढ़ते हैं और आपके वन-टाइम पासवर्ड (OTP) तक पहुंच बना लेते हैं। इसके जरिए हमलावर आपके बैंकिंग ऐप्स का इस्तेमाल करके अनधिकृत ट्रांजेक्शन कर सकते हैं। कई मामलों में ये ऐप्स आपके फोन में VPN भी इंस्टॉल कर देते हैं, ताकि वे लंबे समय तक आपकी जासूसी कर सकें।
क्या करें?
Meta ने फिलहाल इन भ्रामक विज्ञापनों को हटा दिया है, लेकिन अगर आपने इन्हें इंस्टॉल किया है, तो अभी इन्हें फोन से हटा दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि के लिए तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या अपनी शिकायत cybercrime.gov.in पर दर्ज कराएं।
