AI कंपनी Anthropic ने भारत में अपने Claude AI की सेवाओं के लिए खास 'रुपये' में प्राइसिंग लॉन्च कर दी है। इसका मकसद पेमेंट को आसान बनाना और फॉरेन एक्सचेंज की लागत को कम करना है। हालाँकि, अभी UPI से पेमेंट का ऑप्शन नहीं है।
भारत में Anthropic का जलवा
AI कंपनी Anthropic ने भारत में अपने Claude AI प्लेटफॉर्म के लिए सब्सक्रिप्शन की नई कीमतें जारी की हैं। यह कदम भारत में अपने तेजी से बढ़ते यूजर बेस को भुनाने की एक बड़ी रणनीति का हिस्सा है। अब भारतीय ग्राहक सीधे 'रुपयों' में पेमेंट कर सकेंगे, जिससे फॉरेन एक्सचेंज कन्वर्जन फीस और डॉलर-आधारित पेमेंट की झंझटें खत्म हो जाएंगी। पहले भारतीय यूजर्स को अतिरिक्त टैक्स की गणना भी करनी पड़ती थी।
नए प्राइसिंग का असर
भारतीय ग्राहकों के लिए, अब सब्सक्रिप्शन की कीमतों में गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स (GST) भी साफ तौर पर शामिल है। इसमें लोकप्रिय Claude Pro, Claude Max और बिजनेस-ओरिएंटेड Claude Team प्लान्स शामिल हैं। Claude Pro का एनुअल सब्सक्रिप्शन अब ₹2,000 प्रति माह या मंथ-टू-मंथ प्लान के लिए ₹2,399 में उपलब्ध है। वहीं, Claude Team का प्लान ₹2,399 प्रति यूजर प्रति माह (एनुअल प्लान) से शुरू होता है, जिसमें सेंट्रलाइज्ड बिलिंग और एडमिनिस्ट्रेटिव कंट्रोल जैसे फीचर्स भी मिलते हैं।
UPI का इंतजार!
इस लोकलाइजेशन के बावजूद, Anthropic ने अभी तक यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (UPI) को इंटीग्रेट नहीं किया है, जो भारत में सबसे ज्यादा इस्तेमाल होने वाला डिजिटल पेमेंट मेथड है। फिलहाल, पेमेंट के लिए सिर्फ क्रेडिट/डेबिट कार्ड या Apple App Store और Google Play Store के नेटिव बिलिंग सिस्टम का ही इस्तेमाल किया जा सकता है। UPI सपोर्ट की कमी के चलते Anthropic अपने कॉम्पिटेटर्स जैसे OpenAI से पिछड़ता दिख रहा है, जिसने पिछले साल ही भारत में ChatGPT सब्सक्रिप्शन के लिए UPI को लागू किया था।
कॉम्पिटिटिव मार्केट
भारत का AI सब्सक्रिप्शन मार्केट काफी कॉम्पिटिटिव होता जा रहा है। बड़ी टेक कंपनियां देश के डेवलपर्स और छात्रों के बीच अपनी पकड़ बनाने की कोशिश कर रही हैं। Claude Pro की कीमत ₹2,000 से ₹2,399 प्रति माह के आसपास है, जो ChatGPT Plus और Google Gemini Advanced जैसी सेवाओं के बराबर है।
भारत, Claude के लिए दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मार्केट बन गया है, जहाँ इसके ग्लोबल यूसेज का लगभग 6% हिस्सा आता है। हालाँकि, फ्री यूजर्स को पेड सब्सक्राइबर्स में बदलना अभी भी एक चुनौती है। यहाँ के ग्राहक कीमतों के प्रति काफी संवेदनशील माने जाते हैं। ऐसे में, कंपनियों के लिए यह बैलेंस बनाना जरूरी है कि वे एंट्री बैरियर्स को कम करते हुए अपने कंप्यूट-इंटेंसिव AI मॉडल्स पर प्रॉफिट मार्जिन बनाए रखें। यह देखना दिलचस्प होगा कि UPI सपोर्ट न होने का असर Anthropic के पेड सब्सक्राइबर्स बढ़ाने की रफ्तार पर कितना पड़ता है, खासकर उन कॉम्पिटिटर्स की तुलना में जिन्होंने पहले ही लोकल पेमेंट स्टैंडर्ड्स को अपना लिया है।
