इलिनोइस के ऑरोरा में स्थित एक हिंदू मंदिर पर हुई गोलीबारी की कोशिश के बाद अमेरिका में हड़कंप मच गया है। भारतीय-अमेरिकी सांसद राजा कृष्णमूर्ति के नेतृत्व में 105 अमेरिकी सांसदों ने अब FBI से इस मामले की 'हेट क्राइम' के तौर पर जांच करने की मांग की है।
इलिनोइस के ऑरोरा स्थित श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर पर हुई गोलीबारी की हालिया घटना ने अमेरिका में बसे भारतीय समुदाय की सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। 105 सांसदों का एक द्विदलीय समूह, जिसका नेतृत्व प्रतिनिधि राजा कृष्णमूर्ति कर रहे हैं, ने औपचारिक रूप से FBI से इस मामले की जांच 'हेट क्राइम' के नजरिए से करने का आग्रह किया है।
बाल-बाल बची बड़ी अनहोनी
घटना के दौरान 19 साल का संदिग्ध हमलावर मंदिर के भीतर गोली चलाने की फिराक में था, लेकिन शॉटगन में आई तकनीकी खराबी के कारण एक बड़ा नरसंहार टल गया। सांसदों का कहना है कि यह केवल एक आपराधिक घटना नहीं है, बल्कि यह एक गहरी साजिश का हिस्सा हो सकती है। वे अब इस बात की जांच चाहते हैं कि क्या यह हमला नस्लीय, जातीय या धार्मिक पूर्वाग्रह से प्रेरित था।
सरकारी संस्थाओं पर गंभीर आरोप
सांसदों ने अपनी चिट्ठी में अमेरिकी प्रशासनिक संस्थाओं, विशेषकर डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी और डिपार्टमेंट ऑफ एजुकेशन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका दावा है कि इन एजेंसियों की हालिया बयानबाजी ने अनजाने में दक्षिण एशियाई समुदाय के खिलाफ माहौल को और खराब किया है।
सोशल मीडिया और आंकड़ों का खौफ
सांसदों द्वारा पेश किए गए आंकड़े डराने वाले हैं। जनवरी 2024 से जून 2026 के बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दक्षिण एशियाई विरोधी कंटेंट में 240% की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके अलावा, Carnegie Endowment for International Peace की रिपोर्ट के मुताबिक, 2025 की शुरुआत से करीब 50% भारतीय-अमेरिकियों ने किसी न किसी रूप में नस्लीय भेदभाव या उत्पीड़न का सामना किया है। अब देखना यह है कि FBI इन सांसदों की मांगों पर क्या कदम उठाती है और क्या इसे आधिकारिक तौर पर 'हेट क्राइम' घोषित किया जाता है।
