रिटेल फ्यूल सेंटरों पर बढ़ता दबाव
देश के कई इलाकों में फ्यूल रिटेल आउटलेट्स (पेट्रोल पंप) सप्लाई की कमी से जूझ रहे हैं। इसकी वजह यह है कि बड़े इंडस्ट्रियल और कमर्शियल ग्राहक अब बल्क (थोक) में डीजल खरीदना छोड़ चुके हैं। वे सरकारी तेल कंपनियों द्वारा चलाए जा रहे सस्ते रिटेल फ्यूल स्टेशनों का रुख कर रहे हैं।
तेल मंत्रालय की ज्वाइंट सेक्रेटरी सुजाता शर्मा ने इस ट्रेंड की पुष्टि करते हुए कहा, "बल्क डीजल की सप्लाई रिटेल की ओर शिफ्ट हो रही है। मांग सरकारी कंपनियों की ओर जा रही है, और हमारे पास पर्याप्त सप्लाई है।"
दाम का बड़ा अंतर मांग बढ़ा रहा
बल्क और रिटेल डीजल के बीच ₹40-42 प्रति लीटर का भारी अंतर है, जो इस शिफ्ट का मुख्य कारण है। इस प्राइस गैप के साथ-साथ खेती-किसानी से बढ़ी खपत के चलते कुछ रिटेल आउटलेट्स पर बिक्री में 20-30% का उछाल आया है। सुजाता शर्मा ने बताया, "आमतौर पर पेट्रोल पंपों पर 2-2.5 दिन का स्टॉक होता है। अगर वे 20-30% ज्यादा डिमांड देखते हैं, तो उन्हें अस्थायी रूप से कुछ (सप्लाई) दिक्कतें आ सकती हैं। लास्ट-माइल लॉजिस्टिक्स कनेक्टिविटी की भी समस्या है।"
मंत्रालय ने सप्लाई की स्थिरता का भरोसा दिलाया
हालांकि, वैश्विक भू-राजनीतिक तनावों का असर आयात पर पड़ रहा है, लेकिन पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय का कहना है कि भारत के पास पेट्रोल, डीजल, एलपीजी और नेचुरल गैस की भरपूर सप्लाई है। नागरिकों को राहत देने के लिए कदम उठाए गए हैं। भारत के लिक्विफाइड पेट्रोलियम गैस (LPG) प्रोडक्शन में थोड़ी बढ़ोतरी हुई है, जो पिछले महीने करीब 45,000-46,000 टन प्रति दिन (TPD) से बढ़कर अब लगभग 46,000-47,000 TPD हो गया है। यह बढ़ोतरी नायरा एनर्जी (Nayara Energy) के वडोदरा रिफाइनरी के मेंटेनेंस के बाद फिर से शुरू होने से भी हुई है।
रिफाइनरी ऑपरेशन और एलपीजी प्रोडक्शन
शर्मा ने कहा, "हमारे पास कच्चे तेल, प्राकृतिक गैस, पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त सप्लाई है। हमारी रिफाइनरी देश की मांग को पूरा करने के लिए ऑप्टिमम कैपेसिटी पर काम कर रही हैं।" एलपीजी प्रोडक्शन को बढ़ाया गया है, और वर्तमान उत्पादन करीब 46,000-47,000 TPD है। एलपीजी सप्लाई स्थिर है, पिछले तीन दिनों में 1.34 करोड़ डोमेस्टिक सिलेंडर डिलीवर किए गए, जबकि बुकिंग 1.32 करोड़ थी। 1 मई से कमर्शियल एलपीजी सप्लाई लगभग 13,32,000 टन रही है। ऑटो एलपीजी बिक्री और छोटे सिलेंडरों की बिक्री भी सामान्य है।
नेचुरल गैस सेक्टर का लगातार विस्तार
नेचुरल गैस सेक्टर में भी विस्तार जारी है। मार्च के बाद से 7.64 लाख पीएनजी (PNG) कनेक्शन को गैस सप्लाई दी जा चुकी है। अतिरिक्त 2.81 लाख कनेक्शन के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार है, और 7.99 लाख नए ग्राहक रजिस्टर हुए हैं।
