ग्लोबल इन्वेस्टमेंट फर्म BlackRock ने अपनी AI निवेश रणनीति में बड़ा बदलाव किया है। अब कंपनी सिर्फ हवा में नहीं, बल्कि कैश-फ्लो और मजबूत प्रॉफिट वाले शेयरों पर दांव लगाएगी। दिग्गज टेक कंपनियों के भारी खर्च के बावजूद नेगेटिव कैश-फ्लो ने निवेशकों की चिंता बढ़ा दी है।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) को लेकर बाजार का मिजाज अब बदल रहा है। पिछले 18 महीनों की अंधाधुंध खरीदारी के बाद, अब निवेशक यह पूछने लगे हैं कि आखिर इस भारी-भरकम निवेश का रिटर्न क्या है? बाजार में अब उन कंपनियों को तरजीह दी जा रही है, जो अपने दम पर मुनाफा कमा रही हैं।
क्यों घबराए हैं निवेशक?
साल 2026 की तीसरी तिमाही के आंकड़े इस बदलाव की वजह बताते हैं। Amazon, Alphabet, Meta और Microsoft जैसी दिग्गज कंपनियों ने पूंजी विस्तार (Capital Expansion) पर करीब $201.9 बिलियन खर्च किए। हैरानी की बात यह है कि इसके बावजूद इनका कुल फ्री कैश-फ्लो -$26.4 बिलियन रहा। जब कंपनियां निवेश तो कर रही हैं लेकिन पैसा नहीं बचा पा रही हैं, तो इससे उनकी बैलेंस शीट पर दबाव बढ़ना तय है।
BlackRock की नई स्ट्रैटेजी
BlackRock अब डेटा सेंटर और चिप उत्पादन जैसे उन इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स से दूरी बना रहा है, जहां मुनाफे का रास्ता साफ नहीं है। कंपनी की कोशिश अब ऐसी बिजनेस मॉडल्स को तलाशने की है जो उधार के बजाय अपनी कमाई से विकास को गति दे सकें।
भारत के लिए क्या है आउटलुक?
ग्लोबल स्तर पर आई इस सुस्ती के बीच भी BlackRock का भारत पर नजरिया लंबे समय के लिए सकारात्मक बना हुआ है। कंपनी का मानना है कि भारत की ग्रोथ स्टोरी स्ट्रक्चरल है, जो डिजिटल और फाइनेंशियल सर्विसेज जैसे क्षेत्रों में टेक्नोलॉजी के इस्तेमाल से आगे बढ़ रही है। हालांकि, मौजूदा अर्निंग्स प्रेशर को देखते हुए, कंपनी ने शॉर्ट टर्म के लिए भारतीय इक्विटी पर 'न्यूट्रल' स्टैंड लिया है। निवेशकों के लिए सीख साफ है: अब मार्केट केवल उन्हीं को इनाम देगा, जो वित्तीय सेहत (Financial Health) को दुरुस्त रखेंगे।
