रेस्टोरेंट परेशान: गैस सिलेंडर की कमी से परिचालन ठप!
देश भर के रेस्टोरेंट इन दिनों कमर्शियल गैस सिलेंडरों की भारी कमी से जूझ रहे हैं। रेस्टोरेंट मालिकों का कहना है कि वे हफ्तों पहले सिलेंडर बुक करा रहे हैं, लेकिन डिलीवरी की कोई गारंटी नहीं मिल पा रही है। इस समस्या के कारण कई रेस्टोरेंट को या तो अपने काम के घंटे कम करने पड़ रहे हैं या फिर अस्थायी तौर पर बंद करना पड़ रहा है। खासकर छोटे ढाबों और सड़क किनारे खाने की दुकानें, जो समोसे और छोले भटूरे जैसे तले हुए पकवानों पर निर्भर हैं, वे सबसे ज्यादा प्रभावित हो रही हैं।
चीनी और तेल की डिमांड में आई बड़ी गिरावट
जब रेस्टोरेंट का परिचालन सीमित हो जाएगा, तो जाहिर है कि किचन में इस्तेमाल होने वाली चीजों की खपत भी कम होगी। गर्मी की छुट्टियों और शादियों के सीजन में आमतौर पर चीनी और एडिबल ऑयल (खाने वाले तेल) की मांग काफी बढ़ जाती है, लेकिन इस बार यह मांग घट रही है। इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स का मानना है कि इस मंदी की वजह से भारत की पाम ऑयल, सोयाबीन ऑयल और सूरजमुखी तेल (sunflower oil) जैसी एडिबल ऑयल्स के आयात (import) पर निर्भरता भी कम हो सकती है। आपको बता दें कि एडिबल ऑयल का आयात पहले ही मार्च महीने में लगभग 9% तक गिर चुका है।