पर्सनल लोन लेते समय यह तय करना बहुत ज़रूरी है कि आप सिक्योरड लोन (Secured Loan) लें या अनसिक्योर्ड लोन (Unsecured Loan)। आपकी यह पसंद सीधे तौर पर आपके ब्याज खर्च और वित्तीय लचीलेपन को प्रभावित करती है। सिक्योरड लोन में आपको कम ब्याज दर मिलती है, लेकिन इसके लिए आपको अपनी कोई संपत्ति गिरवी रखनी पड़ती है। वहीं, अनसिक्योर्ड लोन ज़्यादा सुविधाजनक होते हैं, लेकिन इनकी ब्याज दरें काफी ज़्यादा होती हैं। लोन लेने से पहले अपनी भुगतान क्षमता और कुल लागत को समझना बहुत अहम है।
सिक्योरड लोन का रिस्क
सिक्योर्ड लोन में, आप बैंक या फाइनेंसियल कंपनी को गारंटी के तौर पर अपनी कोई संपत्ति (जैसे फिक्स्ड डिपॉजिट, बीमा पॉलिसी, या प्रॉपर्टी) गिरवी रखते हैं। इस गारंटी की वजह से, बैंक को अपनी सुरक्षा का भरोसा रहता है और वे इस तरह के लोन पर ब्याज दरें (Interest Rates) कम रखते हैं। बड़े लोन अमाउंट के लिए और कुल ब्याज भुगतान को कम रखने के लिए यह एक अच्छा विकल्प हो सकता है। लेकिन, इसका सबसे बड़ा रिस्क यह है कि अगर आप लोन की किश्तें (EMI) चुकाने में फेल हो जाते हैं, तो आपकी गिरवी रखी गई संपत्ति जब्त हो सकती है। इसलिए, जब तक लोन पूरा न चुक जाए, आपकी वह संपत्ति लॉक हो जाती है।
अनसिक्योर्ड लोन: सुविधा या ज़्यादा खर्च?
अनसिक्योर्ड पर्सनल लोन आपकी आर्थिक प्रोफाइल, यानी आपकी कमाई और क्रेडिट हिस्ट्री के आधार पर दिए जाते हैं, न कि किसी संपत्ति की गारंटी पर। इस वजह से, ये लोन अचानक आए मेडिकल खर्चों या घर के ज़रूरी कामों के लिए बहुत जल्दी मिल जाते हैं। लेकिन, इसकी कीमत आपको ज़्यादा ब्याज दरों के रूप में चुकानी पड़ती है। क्योंकि बैंक के पास कोई संपत्ति गिरवी नहीं होती, तो डिफॉल्ट (Default) के रिस्क को कवर करने के लिए वे ज़्यादा ब्याज वसूलते हैं। यानी, आपको जहां जल्दी अप्रूवल और संपत्ति गिरवी रखने की झंझट से मुक्ति मिलती है, वहीं लंबे समय में यह लोन काफी महंगा पड़ता है।
लोन की शर्तों पर असर डालने वाले फैक्टर
चाहे लोन सिक्योरड हो या अनसिक्योर्ड, बैंक सबसे पहले आपकी लोन चुकाने की क्षमता को देखता है। भारत में फाइनेंसियल इंस्टीट्यूशंस आपकी क्रेडिट हिस्ट्री, मौजूदा आय और पहले से चल रहे कर्ज की जांच करते हैं। एक अच्छा क्रेडिट स्कोर (Credit Score) होने पर अक्सर आपको बेहतर लोन शर्तें मिलती हैं, और कभी-कभी सिक्योरड और अनसिक्योर्ड लोन की ब्याज दरों का अंतर भी कम हो जाता है। सिर्फ़ ब्याज दर पर ही ध्यान न दें, बल्कि प्रोसेसिंग फीस, डॉक्यूमेंटेशन चार्ज और लोन जल्दी चुकाने (Prepayment) या बंद कराने (Foreclosure) के नियमों और पेनल्टी को भी ध्यान से समझें। अक्सर लोग सिर्फ EMI देखकर लोन ले लेते हैं, लेकिन पूरे लोन टेन्योर (Tenure) में जाने वाले कुल इंटरेस्ट का हिसाब नहीं लगाते। अपनी ज़रूरत के हिसाब से सही लोन का चुनाव करना ही आपकी आर्थिक स्थिरता बनाए रखने का सबसे अच्छा तरीका है।
