Bajaj Asset Management ने अपने प्रोडक्ट पोर्टफोलियो का विस्तार करते हुए Bajaj Finserv BSE Top 10 Banks ETF लॉन्च किया है। इस न्यू फंड ऑफर (NFO) में 13 जुलाई से 15 जुलाई 2026 तक निवेश किया जा सकता है। यह पैसिव फंड BSE पर लिस्टेड टॉप 10 बैंकिंग स्टॉक्स में निवेश का मौका देगा।
निवेश की पूरी जानकारी
Bajaj Asset Management का यह नया एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ETF) BSE 500 में लिस्टेड टॉप 10 बैंकों को ट्रैक करेगा, जिनका चयन उनके फ्री-फ्लोट मार्केट कैप के आधार पर किया जाएगा। यह एक पैसिव फंड है, जिसका मतलब है कि यह किसी एक्टिव फंड मैनेजर की बजाय इंडेक्स के प्रदर्शन को कॉपी करेगा।
इस NFO में आप मिनिमम ₹500 से निवेश शुरू कर सकते हैं। इसके बाद आप ₹1 के मल्टीपल में कितना भी निवेश कर सकते हैं। फंड हाउस ने यह भी साफ किया है कि इस ETF में कोई एंट्री या एग्जिट लोड नहीं होगा, जिससे निवेशकों की लागत कम रहेगी।
पोर्टफोलियो को कैसे रखेगा संतुलित?
इस इंडेक्स में किसी एक बैंक का वेटेज बहुत ज्यादा न हो, इसके लिए BSE Top 10 Banks Index में खास नियम लागू किए गए हैं। इंडेक्स को हर छह महीने में रीबैलेंस किया जाएगा। साथ ही, किसी एक स्टॉक का मैक्सिमम वेटेज 33% तक सीमित रहेगा, और टॉप 3 बैंकिंग स्टॉक्स का कुल वेटेज 63% से ज्यादा नहीं होगा। यह व्यवस्था कंसंट्रेशन रिस्क को मैनेज करने के लिए की गई है।
फंड का मैनेजमेंट और जोखिम
NFO पीरियड खत्म होने के बाद, ETF यूनिट्स स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्ट हो जाएंगी, जहां निवेशक इन्हें सामान्य शेयरों की तरह खरीद या बेच सकेंगे। इस फंड को Bajaj Asset Management के सीनियर इक्विटी डीलर और फंड मैनेजर Ilesh Savla मैनेज करेंगे।
हालांकि, फंड को 'वेरी हाई' (Very High) रिस्क कैटेगरी में रखा गया है, क्योंकि यह सिर्फ एक सेक्टर (बैंकिंग) के बड़े स्टॉक्स पर केंद्रित है। इसलिए, इस फंड का रिटर्न ब्याज दरों में बदलाव, बैंकिंग सेक्टर से जुड़े रेगुलेटरी नियमों और देश की इकोनॉमी में क्रेडिट ग्रोथ जैसे फैक्टर्स से सीधे तौर पर प्रभावित होगा।
